यमन और सोमालिया के पास दो जहाज हाईजैक, 22 भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर चिंता
भारतीय नागरिकों से जुड़ी समुद्री सुरक्षा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। यमन और सोमालिया के तट के पास अलग-अलग घटनाओं में दो कमर्शियल जहाजों के हाईजैक होने की खबर सामने आई है। इन दोनों जहाजों पर कुल 22 भारतीय नागरिक सवार बताए जा रहे हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटनाओं ने अदन की खाड़ी और हॉर्न ऑफ अफ्रीका के आसपास समुद्री डकैती के खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इन घटनाओं में शामिल जहाजों और उनके चालक दल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
पहली घटना यमन के तट के पास अदन की खाड़ी में हुई। रिपोर्ट के अनुसार, इरिट्रिया के झंडे वाले तेल टैंकर एमटी सिबू-1 को करीब छह हथियारबंद समुद्री डाकुओं ने अपने कब्जे में ले लिया। यह घटना यमन के तट से लगभग 30 नॉटिकल मील दूर हुई। जहाज पर कुल 20 लोग सवार थे, जिनमें 16 भारतीय नागरिक शामिल हैं। डायरेक्टोरेट ऑफ मैरीटाइम एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, जहाज पर मौजूद सभी 20 चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं, हालांकि जहाज और क्रू की ताजा स्थिति को लेकर अभी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
इस जहाज के चालक दल में 16 भारतीयों के अलावा सीरिया, सूडान और इराक के नागरिक भी शामिल बताए गए हैं। एक अन्य सदस्य की राष्ट्रीयता की पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं, एसकेएस कृषिव मरीन सर्विसेज से जुड़े सुमित कांत के मुताबिक, उनकी कंपनी ने चालक दल के चार सदस्यों की भर्ती की थी और इस संबंध में डायरेक्टोरेट ऑफ मैरीटाइम एडमिनिस्ट्रेशन को जानकारी दी गई है।
दूसरी घटना सोमालिया के पंटलैंड तट के पास सामने आई। यहां कैमरून के झंडे वाले मालवाहक जहाज M/V LUTUF को कथित तौर पर करीब आठ समुद्री डाकुओं ने कब्जे में ले लिया। जहाज पर 10 सदस्यीय क्रू था, जिसमें छह भारतीय नागरिक, एक तुर्किये का नागरिक, एक जॉर्जियाई नागरिक और दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड शामिल थे। यानी दोनों घटनाओं को मिलाकर कुल 22 भारतीय नागरिक इन जहाजों पर मौजूद बताए जा रहे हैं।
सोमालिया के एक अधिकारी के मुताबिक, M/V LUTUF को हाईजैक करने वाला समूह वही हो सकता है, जिसका नाम अप्रैल में



