शाई होप और जस्टिन ग्रीव्स की 174 रन की नाबाद साझेदारी, वेस्टइंडीज ने मैच में की दमदार वापसी
श्रीलंका और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। शुरुआती दबाव के बाद शाई होप और जस्टिन ग्रीव्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की मैच में दमदार वापसी कराई। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 174 रन की साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला।
दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज पहली पारी में श्रीलंका से 231 रन पीछे है। फॉलो-ऑन से बचने के लिए टीम को अब केवल 31 रन और बनाने हैं।
शाई होप और जस्टिन ग्रीव्स ने संभाली पारी
स्टंप्स के समय शाई होप 173 गेंदों में 86 रन और जस्टिन ग्रीव्स 162 गेंदों में 85 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों बल्लेबाजों ने धैर्य और संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
इससे पहले श्रीलंका ने अपनी पहली पारी 549/9 के विशाल स्कोर पर घोषित की थी।
सुबह कैंपबेल का विकेट, फिर पलटा मैच का रुख
तीसरे दिन वेस्टइंडीज ने एक विकेट पर 58 रन से आगे खेलना शुरू किया। जॉन कैंपबेल और कावेम हॉज ने दूसरे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। हालांकि लंच से पहले असिथा फर्नांडो ने कैंपबेल को आउट कर श्रीलंका को बड़ी सफलता दिलाई।
लंच के बाद प्रभात जयसूर्या ने लगातार दो विकेट लेकर वेस्टइंडीज पर दबाव बनाया, लेकिन इसके बाद शाई होप और जस्टिन ग्रीव्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब चौथे दिन की शुरुआत में वेस्टइंडीज की नजर पहले फॉलो-ऑन टालने और फिर श्रीलंका की बढ़त को कम करने पर होगी।




