पद्मभूषण विश्व मोहन भट्ट पचेवर गढ़ में देंगे वीणा प्रस्तुति
पंचायत समिति क्षेत्र के संगीत प्रेमियों के लिए रविवार का दिन बेहद खास रहने वाला है। पचेवर फोर्ट से वीटा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पद्मभूषण और पद्मश्री से सम्मानित विश्वप्रसिद्ध वीणा वादक विश्व मोहन भट्ट रविवार को पचेवर गढ़ में आयोजित विशेष कार्यक्रम में अपनी मोहक प्रस्तुति देंगे।
इस विशेष आयोजन में उनके साथ उमा शर्मा और सूर्या ब्राजील कंपनी की ऑनर केलेलिया भी मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
यह कार्यक्रम पचेवर गढ़ परिसर में रविवार रात 8 बजे से आयोजित होगा। इस दौरान वीणा वादन की मधुर धुनों से श्रोता भारतीय शास्त्रीय संगीत की अनूठी अनुभूति कर सकेंगे।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शास्त्रीय संगीत को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा से जोड़ना है। विश्वप्रसिद्ध कलाकार विश्व मोहन भट्ट अपनी अद्वितीय ‘मोहन वीणा’ के माध्यम से देश-विदेश में भारतीय संगीत की अलग पहचान बना चुके हैं।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




