वेनेजुएला में 39 सेकेंड में दो भूकंप, 164 मौतें; देश में आपातकाल घोषित
दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 39 सेकेंड के अंतराल में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। बुधवार शाम स्थानीय समयानुसार 6:04 बजे 7.2 तीव्रता और 6:05 बजे 7.5 तीव्रता का दूसरा भूकंप दर्ज किया गया। भारतीय समयानुसार ये झटके गुरुवार तड़के 3:34 और 3:35 बजे महसूस किए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भूकंप के बाद लगभग 60 सेकेंड तक जमीन और इमारतें लगातार हिलती रहीं। इसके बाद करीब 20 आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए। न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक अब तक 164 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 971 लोग घायल हुए हैं।
राष्ट्रीय अवकाश के दिन आई तबाही
भूकंप ऐसे दिन आया जब पूरे देश में राष्ट्रीय अवकाश था। वर्ष 1821 में स्पेन के खिलाफ स्वतंत्रता संग्राम में मिली ऐतिहासिक जीत की वर्षगांठ के कारण स्कूल, सरकारी कार्यालय और अधिकांश संस्थान बंद थे। अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने घरों में मौजूद थे, जिससे प्रभावितों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
कई शहरों में इमारतें क्षतिग्रस्त
दोनों भूकंप राजधानी कराकस से लगभग 290 किलोमीटर पश्चिम में आए। झटकों के कारण कई शहरों में इमारतें ढह गईं या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं। कराकस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की छत का एक हिस्सा भी गिर गया, जिससे क्षेत्र में धूल का बड़ा गुबार फैल गया।
10 हजार से अधिक मौतों की आशंका
अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार इस आपदा में 10 हजार से अधिक लोगों के मारे जाने की 44 प्रतिशत आशंका है। वहीं एक लाख से अधिक मौतों की संभावना करीब 30 प्रतिशत बताई गई है। राहत एवं बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में अभियान चला रहे हैं।
126 वर्षों का सबसे बड़ा भूकंप
विशेषज्ञों के अनुसार यह वेनेजुएला में पिछले 126 वर्षों का सबसे शक्तिशाली भूकंप है। इससे पहले वर्ष 1900 में 7.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। हालात की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है।




