उपखंड मुख्यालय के शांति नगर क्षेत्र में एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही देर में स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जिससे मालिक को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार स्कूटी मालिक पंकज अग्रवाल ने बताया कि स्कूटी घर पर चार्जिंग में लगी हुई थी। इसी दौरान अचानक बैटरी में जोरदार धमाका हुआ और आग भड़क उठी। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की चपेट में आने से घर की पीओपी छत भी क्षतिग्रस्त हो गई।
यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से स्थिति सामान्य हुई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बैटरी में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। स्कूटी चार्जिंग के दौरान अचानक हुए ब्लास्ट ने पूरे वाहन को चंद मिनटों में आग की चपेट में ले लिया।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




