प्रैक्टिस के दौरान वैभव सूर्यवंशी को लगी बाउंसर, फिर दिखाया जज्बा और लौटे बल्लेबाजी करने
भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टी20 मुकाबले से पहले टीम इंडिया के लिए एक पल ऐसा आया जिसने सभी को चिंता में डाल दिया। नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर अभ्यास के दौरान युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी को तेज गेंद लग गई, जिसके बाद कुछ मिनट के लिए पूरी टीम की प्रैक्टिस रुक गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि थोड़ी देर आराम करने के बाद उन्होंने दोबारा बल्लेबाजी शुरू कर दी।
प्रैक्टिस के दौरान लगी तेज गेंद
तीसरे टी20 की तैयारियों के लिए भारतीय टीम नेट्स में अभ्यास कर रही थी। इसी दौरान वैभव सूर्यवंशी बल्लेबाजी कर रहे थे। थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट रघु ने उन्हें एक तेज और उछाल वाली गेंद फेंकी। वैभव पुल शॉट खेलने की कोशिश में चूक गए और गेंद उनके सीने और पेट के बीच वाले हिस्से में जाकर लगी।
गेंद लगते ही वह दर्द से नीचे बैठ गए, जिसके बाद कुछ मिनट के लिए नेट्स पर अभ्यास रोक दिया गया। टीम स्टाफ तुरंत उनके पास पहुंचा, उन्हें पानी पिलाया और उनकी स्थिति की जांच की।
कुछ ही मिनट में मैदान पर लौटे
करीब पांच से छह मिनट आराम करने के बाद वैभव सूर्यवंशी दोबारा बल्लेबाजी करने उतर गए। अच्छी बात यह रही कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी। वापसी के बाद उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी जारी रखी और पहले की तरह शॉट्स खेले।
शॉर्ट गेंदों पर किया खास अभ्यास
नेट्स सेशन के दौरान वैभव ने खासतौर पर शॉर्ट गेंदों के खिलाफ अभ्यास किया। पिछले मुकाबले में इंग्लैंड के गेंदबाजों ने उन्हें इसी रणनीति से परेशान करने की कोशिश की थी। ऐसे में तीसरे टी20 से पहले उन्होंने अपनी इसी कमजोरी पर ज्यादा मेहनत की।
अभिषेक शर्मा भी रखते रहे नजर
अभ्यास के दौरान अभिषेक शर्मा भी लगातार वैभव की बल्लेबाजी को ध्यान से देखते रहे। हर शॉट के बाद वह उसी तरह की शैडो प्रैक्टिस करते नजर आए। दोनों खिलाड़ियों के बीच ज्यादा बातचीत नहीं दिखी, लेकिन एक-दूसरे के खेल पर उनकी नजर जरूर बनी रही।




