कौन हैं उजैर बलोच और उनके भाई जुबैर बलोच?
कराची: पाकिस्तान के कराची शहर के लियारी इलाके में गुरुवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब कुख्यात गैंगस्टर और पीपुल्स अमन कमेटी (PAC) के पूर्व प्रमुख उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गोलीबारी की चपेट में आए दो राहगीर भी जख्मी हुए हैं। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और शुरुआती जांच में गैंगवार, पुरानी रंजिश तथा व्यक्तिगत दुश्मनी समेत कई पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
घर के बाहर बैठे थे जुबैर, बाइक सवार हमलावरों ने बरसाईं गोलियां
पुलिस के अनुसार, जुबैर बलोच अपने घर के बाहर सिंगू लेन क्षेत्र में बैठे हुए थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे और उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि एक दुकानदार ने जवाबी फायरिंग भी की, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
सीने और पेट में लगी गोलियां, हालत नाजुक
हमले में जुबैर बलोच को कई गोलियां लगीं, जिनमें सीने और पेट में लगी चोटें सबसे गंभीर बताई जा रही हैं। उन्हें तुरंत कराची के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी आपातकालीन सर्जरी की। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। गोलीबारी में घायल एक अन्य राहगीर की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है।
गैंगवार की आशंका, कई एंगल से जांच
कराची पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि जांच एजेंसियां गैंग प्रतिद्वंद्विता, पुरानी आपराधिक दुश्मनी और व्यक्तिगत रंजिश सहित कई संभावित कारणों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है।
कौन हैं उजैर बलोच?
उजैर बलोच पाकिस्तान के कराची के लियारी इलाके का कुख्यात गैंगस्टर माना जाता है। वह प्रतिबंधित पीपुल्स अमन कमेटी (PAC) का प्रमुख रह चुका है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, आतंकवाद और संगठित अपराध जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वर्तमान में वह जेल में बंद है। कराची के लियारी क्षेत्र में वर्षों तक गैंगवार और आपराधिक गतिविधियों के कारण उजैर बलोच का नाम सुर्खियों में रहा है।




