उत्तम वर्षा और समृद्धि हेतु विशेष धार्मिक आयोजन सम्पन्न
प्रदेश में उत्तम वर्षा, कृषि समृद्धि, सुख-शांति, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण की मंगलकामना को लेकर बुधवार को झालरापाटन स्थित ऐतिहासिक श्री द्वारकाधीश जी मंदिर एवं गोमती सागर तालाब परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान एवं महाआरती का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया।
कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्यमंत्री तथा झालावाड़ जिले के प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं समय पर अच्छी वर्षा की कामना की।
प्रभारी मंत्री ने सर्वप्रथम गोमती सागर तालाब के पवित्र तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन, कृषि उन्नति तथा प्रदेश में भरपूर वर्षा होने की प्रार्थना की। धार्मिक अनुष्ठान में विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा से सराबोर हो गया।
इसके पश्चात प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी झालरापाटन स्थित प्रसिद्ध श्री द्वारकाधीश जी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान श्री द्वारकाधीश के दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने मंदिर में आयोजित महाआरती में भाग लेते हुए सामाजिक सद्भाव, लोककल्याण एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
महाआरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी प्रदेश की उन्नति, समृद्धि तथा जनकल्याण की मंगलकामना करते हुए धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की।
इस अवसर पर आरपीएससी के पूर्व चेयरमैन श्याम सुंदर शर्मा, जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, पूर्व विधायक निर्मल सकलेचा, पूर्व विधायक नरेंद्र नागर, नगर परिषद के पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत, उपाध्यक्ष चन्द्रमोहन धाभाई, देवस्थान विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




