ऊर्जा मंत्री के कार्यक्रम में फिर बिजली गुल, उठे बड़े सवाल
जयपुर के होटल हिल्टन में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के कार्यक्रम के दौरान एक बार फिर बिजली गुल हो गई। पिछले एक महीने में यह तीसरी बार है जब ऊर्जा मंत्री की मौजूदगी वाले किसी कार्यक्रम में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने राजस्थान की बिजली व्यवस्था और बैकअप सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
होटल हिल्टन में कार्यक्रम के दौरान छाया अंधेरा
शनिवार सुबह जयपुर के होटल हिल्टन में राजस्थान सोलर एसोसिएशन की ओर से आयोजित RE-BESS Summit में रिन्यूएबल एनर्जी और बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (Battery Energy Storage System) पर चर्चा चल रही थी। सुबह करीब 10 बजे जैसे ही ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और अन्य अतिथि मंच पर पहुंचे, पूरे हॉल की बिजली अचानक गुल हो गई।
बिजली जाने से कार्यक्रम स्थल कुछ मिनटों तक अंधेरे में डूबा रहा। करीब पांच मिनट बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई, जिसके बाद कार्यक्रम दोबारा शुरू किया गया।
पिछले एक महीने में तीसरी घटना
ऊर्जा मंत्री के कार्यक्रम में बिजली गुल होने की यह पहली घटना नहीं है।
11 जून को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के कार्यक्रम के दौरान तीन बार बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी।
19 जुलाई को कोटा में बिजली व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान भी बिजली चली गई थी।
अब जयपुर के होटल हिल्टन में आयोजित RE-BESS Summit के दौरान भी बिजली गुल होने की घटना सामने आई है।




