8 जुलाई को शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 12 जुलाई को प्रदेशभर में पौधरोपण अभियान; मंत्री-विधायक और संगठन मिलकर बनाएंगे दोनों कार्यक्रमों को मेगा इवेंट।
उत्तर प्रदेश सरकार अपनी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिपरिषद की बैठक में निर्देश दिए कि सरकार और भाजपा संगठन मिलकर इन योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 8 जुलाई को वाराणसी में शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना का शुभारंभ किया जाएगा। वहीं 12 जुलाई को पूरे प्रदेश में पौधरोपण अभियान को मेगा इवेंट के रूप में आयोजित किया जाएगा। सभी मंत्री अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में और विधायक अपने विधानसभा क्षेत्रों में संगठन पदाधिकारियों के साथ मिलकर इन कार्यक्रमों को सफल बनाएंगे।
हर पात्र शिक्षक तक पहुंचे योजना का लाभ
सरकार का लक्ष्य है कि कैशलेस चिकित्सा योजना की जानकारी प्रदेश के प्रत्येक पात्र शिक्षक तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों को निर्देश दिए कि योजना लागू होने के बाद अपने-अपने क्षेत्रों में बैठकें करें, पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित कराएं और प्रशासनिक स्तर पर आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान करें।
हर बूथ पर लगाए जाएंगे 20 पौधे
12 जुलाई को होने वाले प्रदेशव्यापी पौधरोपण अभियान के तहत भाजपा संगठन ने प्रत्येक बूथ पर 20-20 पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। दोनों कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल माध्यम से शामिल होने की भी संभावना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इन आयोजनों को जनसहभागिता के साथ भव्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
विकास कार्यों की नियमित समीक्षा के निर्देश
सीएम योगी ने मंत्रियों से कहा कि वे अपने प्रभार वाले जिलों में अधिक समय बिताएं और संगठन व प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करें। उन्होंने विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा, लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा कराने तथा शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन योजनाओं की समय-सीमा पूरी हो रही है, उनके क्रियान्वयन में तेजी लाने पर भी जोर दिया।




