UAE के शारजाह में भारतीय नागरिक की हत्या
UAE के शारजाह से एक भारतीय नागरिक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कर्नाटक के उडुपी जिले के कुंडापुर निवासी एल्विन प्रकाश कुंदर का शव मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, हत्या के बाद शव को नौ टुकड़ों में काटकर अलग-अलग बैग में रखा गया था।
प्रकाश पिछले करीब 14 वर्षों से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहे थे। वह अपनी पत्नी टीना कुंदर और 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे के साथ UAE में रह रहे थे।
जुलाई से परिवार को नहीं मिल रही थी जानकारी
जानकारी के मुताबिक, जुलाई में परिवार ने एल्विन प्रकाश से संपर्क करने की कोशिश की थी। इस दौरान उनकी तरफ से सिर्फ एक मैसेज मिला कि वह ठीक हैं। परिवार के लिए यह जवाब असामान्य था, क्योंकि प्रकाश आमतौर पर वॉयस मैसेज के जरिए बातचीत करते थे।
इसके बाद जब उनसे संपर्क नहीं हो पाया तो परिवार ने शारजाह में उनकी तलाश शुरू कराई। शुरुआत में कंपनी की तरफ से परिवार को बताया गया कि प्रकाश भारत चले गए हैं। हालांकि, बाद में पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी की जांच की गई तो पता चला कि वह UAE से बाहर गए ही नहीं थे।
इसके बाद परिवार की ओर से उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
ओमान जाने वाले रास्ते पर मिली कार
प्रकाश की तलाश के दौरान जांच एजेंसियों को ओमान जाने वाले रास्ते पर एक कार मिली। इसी कार से प्रकाश का शव बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
मृतक के भाई के मुताबिक, शव को नौ टुकड़ों में काटकर दो बैग में रखा गया था। शव मिलने के बाद मामले की जांच और तेज कर दी गई है।
पत्नी और नाबालिग बेटा भी लापता
इस मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है। एल्विन प्रकाश की पत्नी टीना कुंदर और उनका नाबालिग बेटा भी घटना के बाद से लापता बताए जा रहे हैं।
उनके भारत आने की खबरें सामने आई हैं, लेकिन उनके मौजूदा ठिकाने और हत्या से किसी संभावित संबंध को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इस संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।



