मेहंदवास थाना क्षेत्र के रघुनाथपुरा गांव निवासी एक युवक की ट्रक से गिरने के बाद दर्दनाक मौत हो गई। युवक पिछले लगभग एक वर्ष से ट्रक पर खलासी का कार्य कर रहा था। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार रघुनाथपुरा निवासी रामनारायण गुर्जर पुत्र कल्याण गुर्जर ने बताया कि उसका भतीजा शोभाराम गुर्जर (22) पुत्र स्व. रामदेव गुर्जर ट्रक पर खलासी का काम करता था। 17 जून को वह ट्रक में सामान भरकर गांव आया था। 18 जून की सुबह लगभग 8 बजे मौसम खराब होने के कारण वह ट्रक के ऊपर चढ़कर सामान को तिरपाल से ढक रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा।
गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के समय ट्रक चालक भी मौके पर मौजूद था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन तुरंत पहुंचे और घायल शोभाराम को राजकीय उप जिला अस्पताल टोडारायसिंह लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल और मृतक के घर पहुंचे तथा शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। पूरे गांव में दिनभर गमगीन माहौल बना रहा।
पोस्टमार्टम के बाद डॉ. सुरेश चंद ने बताया कि मृतक के शरीर में अंदरूनी चोटों की आशंका के चलते सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




