टोंक में व्यापारी और नगर परिषद ठेकेदार पवन गर्ग की निर्मम हत्या, इलाके में सनसनी
टोंक। राजस्थान के टोंक शहर से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित व्यापारी एवं नगर परिषद के ठेकेदार पवन गर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय पवन गर्ग के रूप में हुई है, जो शहर के जाने-माने व्यापारी और नगर परिषद के ठेकेदार थे। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात उनका शव उनकी दुकान ‘बृज इलेक्ट्रिकल्स’ की पहली मंजिल पर खून से लथपथ अवस्था में मिला। हमलावरों ने उन पर चाकू से कई वार किए। उनके सिर, सीने और कंधे पर गहरे घाव पाए गए, वहीं एक कान भी कटा हुआ मिला।
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार पवन गर्ग रात को घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। उनकी पत्नी ने दुकान पर कार्यरत कर्मचारी को फोन कर जानकारी ली। कर्मचारी द्वारा दुकान पर पहुंचकर देखने पर पहली मंजिल पर पवन गर्ग का शव पड़ा मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों ने बताया कि अभी 24 दिन पहले ही 27 मई को उन्होंने अपनी शादी की 25वीं वर्षगांठ मनाई थी। पवन गर्ग के परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पुत्र बेंगलुरु में इंजीनियर के रूप में कार्यरत है जबकि पुत्री कॉलेज में अध्ययनरत है।
मृतक के बड़े भाई मुकेश गर्ग ने आशंका जताई है कि हत्या के पीछे पैसों के लेनदेन से जुड़ा कोई विवाद हो सकता है। परिजनों का कहना है कि हत्या बेहद क्रूरता के साथ की गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।




