टोंक शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली थाना क्षेत्र में DST (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध सट्टा कारोबार का भंडाफोड़ किया है।
जानकारी के अनुसार, DST टीम को काफला बाजार इलाके में लंबे समय से सट्टा संचालित होने की सूचना मिल रही थी। इस पर टीम ने गुप्त रूप से निगरानी शुरू की और पुख्ता सूचना मिलने के बाद टैगोर टॉकीज के पीछे स्थित स्थान पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मौके पर सट्टा खेलते हुए 10 लोगों को डिटेन किया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 14 हजार रुपए नकद बरामद किए, जो सट्टे में उपयोग किए जा रहे थे। इसके अलावा सट्टे की खाईवाली से जुड़ी हिसाब-किताब की पर्चियां, रजिस्टर और कई मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए मोबाइल फोन और दस्तावेजों की जांच की जा रही है, जिससे इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और स्थानीय स्तर पर सट्टा संचालन कर रहा था।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा के निर्देशन में की गई। कोतवाली थाना प्रभारी भवर लाल वैष्णव के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस डिटेन किए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बाइट 01: भवर लाल वैष्णव, थाना प्रभारी कोतवाली
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




