कस्बे में अखिल भारतीय चतु: सम्प्रदाय अध्यक्ष संत श्री 1008 हनुमान दास महाराज के सानिध्य में तथा यज्ञकर्ता बालयोगी तुलसी दास महाराज, भगवान दास महाराज सहित अन्य महामंडलेश्वरों, पीठाधीश्वरों और संत-महात्माओं के निर्देशन में श्रीराम महायज्ञ समिति व भक्तों के सहयोग से चल रहे श्री राम-जानकी मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं श्रीराम महायज्ञ में बुधवार को भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।
यज्ञ हवन कुण्ड में यज्ञाचार्य पंडित आत्माराम गुरुजी, चंद्रशेखर दाधीच व नवल किशोर शास्त्री के सानिध्य में विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दिलवाई। इस दौरान आनंद प्रकाश शास्त्री, महावीर प्रसाद दाधीच सहित अन्य पंडितों के मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। प्रधान कुण्ड में हंसराज गुर्जर ने सपत्नीक आहुतियां दी, वहीं लक्ष्मी कुण्ड, त्रिकुण्ड, षटकुण्ड व अष्टकोण कुण्ड सहित अन्य कुण्डों में भी श्रद्धालुओं ने हवन किया।
दिनभर वैदिक मंत्रों की गूंज से कस्बा भक्ति रस में डूबा रहा। उधर भूडा बालाजी मंदिर परिसर में भगवान श्रीराम व माता जानकी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के तहत वैदिक विधि से फलादिवास सम्पन्न हुआ। विद्वान पंडितों ने बताया कि अयोध्या के बाद अर्धकाशी धर्म नगरी टोडारायसिंह में भगवान राम व माता जानकी की भव्य मूर्ति स्थापित की जाएगी।
महोत्सव में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सुबह से देर रात तक मंदिर परिसर में भक्तों का मेला लगा रहता है। दूर-दूर से आए श्रद्धालु आयोजन में भाग ले रहे हैं। रात्रि में रामचरित मानस आधारित रामलीला का मंचन किया जा रहा है, वहीं दोपहर बाद कथा वाचक संत सुखराम दास वेदांती महाराज द्वारा राम कथा व भक्तमाल का रसपान कराया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




