टोडारायसिंह उपखंड क्षेत्र में स्टेट हाईवे-37ए के तहत प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करीब 47.50 करोड़ रुपये की लागत से टोडारायसिंह-मालपुरा लिंक रोड का निर्माण प्रस्तावित है, जिसका कार्य आदेश अमित कंस्ट्रक्शन को जारी किया गया है।
निर्माण कार्य के तहत सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए दोनों ओर 9-9 मीटर तक मिट्टी कार्य किया जाना है। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि देवजी चौराहे से मोर गांव की ओर सड़क निर्माण में प्रभावशाली लोगों के दबाव में मनमानी की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गरीब किसानों की खातेदारी भूमि में जबरन सड़क डालने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि इस क्षेत्र में पूर्व में मुआवजा देकर सड़क निर्माण किया जा चुका है। इसके बावजूद अतिरिक्त भूमि में खुदाई किए जाने से किसानों में भारी रोष है।
यह भी आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक भूमि में खुदाई कर नुकसान पहुंचाया जा रहा है और विरोध करने पर दबाव तथा झूठे मुकदमों की धमकी दी जा रही है।
ग्रामीण काश्तकारों ने प्रशासन से मांग की है कि पहले सीमाज्ञान कराकर ही सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाए और केवल मुआवजा प्राप्त व सरकारी भूमि पर ही कार्य किया जाए, ताकि किसानों को नुकसान न हो।
इस दौरान श्रवण लाल गुर्जर, राम अवतार गुर्जर, रामराज बैरवा, महावीर बैरवा सहित कई किसान उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




