नेशनल हाईवे पर हाईवे टू हाईवे क्रॉसिंग, पुलिया से पहले सड़क चौड़ीकरण शुरू
थांवला के नजदीकी ग्राम टेहला में नेशनल हाईवे पर बनने वाली पुलिया को लेकर सड़क चौड़ीकरण और तोड़फोड़ का कार्य तेज़ी से चल रहा है। पुलिया निर्माण से पहले प्रशासन द्वारा मार्ग को चौड़ा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस कार्य के तहत गांव में बने यात्री विश्राम गृह को पूरी तरह ध्वस्त कर हटा दिया गया है। इसके अलावा सड़क किनारे बने कच्चे-पक्के निर्माणों को हटाकर रास्ते को चौड़ा किया जा रहा है। इसी दौरान स्कूल की चारदीवारी, खेतों की मेढ़ और तारबंदी को भी हटाया जा रहा है, ताकि पुलिया निर्माण का कार्य सुचारू रूप से शुरू किया जा सके।
मशीनों की मदद से आवश्यकता अनुसार मिट्टी हटाने और भराव का काम किया जा रहा है, वहीं ट्रैक्टरों के जरिए मिट्टी का परिवहन किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार अजमेर से नागौर जाने वाले नेशनल हाईवे को अब एक अन्य हाईवे से जोड़ा जा रहा है, जो लाडपुरा, नर्सिंग बासनी, टेहला होते हुए भेरुंदा तक जाएगा। हाईवे से हाईवे क्रॉसिंग होने के कारण यातायात को सुगम बनाने के लिए सरकार द्वारा पुलिया निर्माण कराया जा रहा है।
इस पुलिया के बनने से ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी, सड़क हादसों की संभावना कम होगी और यात्रियों का समय भी बचेगा।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




