राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत तहसील शाखा टोडारायसिंह के पदाधिकारियों ने ग्रीष्मकालीन अवकाश में कटौती के विरोध और भीषण गर्मी में विद्यालयों की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग राजस्थान सरकार जयपुर के नाम मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
तहसील अध्यक्ष शिवराज गुर्जर ने बताया कि प्रदेश में ग्रीष्मकालीन अवकाश में 10 दिन की कटौती और संस्था प्रधान के विवेकाधीन अवकाश में एक दिन की कमी तर्कसंगत नहीं है। जून माह में तापमान कई बार 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, ऐसे में भीषण गर्मी में विद्यालयों में पर्याप्त पेयजल और बच्चों के बैठने की उचित व्यवस्था नहीं है।
ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने मांग की कि अवकाश कटौती को तुरंत वापस लिया जाए और पूर्व की भांति ग्रीष्मकालीन अवकाश लागू किया जाए। साथ ही सभी विद्यालयों में पर्याप्त स्टाफ, बिजली-पानी और कमरों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो संगठन आंदोलन के लिए मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस अवसर पर तहसील मंत्री प्रमोद चौधरी, महावीर असवार, बालूराम चौधरी, प्रकाश मडवा, शिवजी लाल पहाड़िया, ताराचंद पंचोली, गोपाल कुमावत, राजेश पहाड़िया, संजय पांचाल, मनोज चौधरी, आसाराम प्रजापत, हरिराम गुर्जर सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




