स्वीप कार्यक्रम में युवाओं को मतदान के प्रति किया जागरूक
मतदाता बनने के अब वर्ष में चार अवसर, रंगोली में उभरे लोकतंत्र के रंग
महिलाओं के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्वीप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नव मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाकर उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) बालमुकुंद असावा एवं सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप राजवीर सिंह चौधरी के निर्देशन में समसपुर स्थित राजकीय कृषि महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने उपस्थित विद्यार्थियों और नागरिकों को मतदान का संकल्प दिलाते हुए कहा कि युवा लोकतंत्र के कर्णधार हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र की प्रगति, नीति निर्माण और शासन व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
मतदाता बनने के अब वर्ष में चार अवसर
अमित भार्गव ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने हेतु वर्ष में चार आधार तिथियां निर्धारित की हैं। इनमें 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर शामिल हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को वोटर हेल्पलाइन ऐप एवं ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड करवाकर ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई। साथ ही फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने, फॉर्म-6बी द्वारा आधार लिंक कराने तथा फॉर्म-8 के जरिए वोटर आईडी में संशोधन कराने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में नाम देखने, मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त करने तथा केवाईसी ऐप के जरिए चुनावी उम्मीदवारों की जानकारी हासिल करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
रंगोली में उभरे लोकतंत्र के रंग
स्वीप कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से वोटर हेल्पलाइन एवं ईसीआई नेट ऐप का संदेश दिया। साथ ही मतदान जागरूकता से जुड़े नारों को रंगोली में उकेरकर लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।




