कूटनीति में महिलाओं के अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर हुआ स्वीप कार्यक्रम
महिलाओं के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर बारां जिले में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए स्वीप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) बालमुकुंद असावा एवं सीईओ तथा नोडल अधिकारी स्वीप राजवीर सिंह चौधरी के निर्देशन में समसपुर स्थित राजकीय कृषि महाविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नव मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाकर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवा लोकतंत्र के सशक्त कर्णधार हैं और उन्हें राष्ट्र की प्रगति, नीति निर्माण तथा शासन व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत एवं जवाबदेह बनाने में योगदान देना चाहिए।
मतदाता बनने के अब वर्ष में चार अवसर
अमित भार्गव ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं को मतदाता सूची में पंजीकरण करवाने के लिए वर्ष में चार आधार तिथियां निर्धारित की गई हैं। इनमें 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर शामिल हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को "वोटर हेल्पलाइन" एवं "ईसीआई नेट" ऐप डाउनलोड करवाकर इनके उपयोग की जानकारी दी। साथ ही बताया कि मतदाता घर बैठे ईसीआई ऐप, वोटर हेल्पलाइन ऐप अथवा निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। फॉर्म-6बी के जरिए ईपिक को आधार से लिंक करने तथा फॉर्म-8 के माध्यम से वोटर आईडी में संशोधन की प्रक्रिया भी ऑनलाइन की जा सकती है।
इसके अलावा ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ईपिक नंबर, बारकोड, क्यूआर कोड या मोबाइल नंबर की सहायता से मतदाता सूची में नाम खोजने तथा मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त करने के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में केवाईसी ऐप के माध्यम से चुनावी उम्मीदवारों की जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
रंगोली में उकेरे लोकतंत्र के रंग
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से लोकतंत्र और मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। रंगोलियों में वोटर हेल्पलाइन एवं ईसीआई नेट ऐप को दर्शाते हुए विभिन्न जागरूकता नारों को प्रदर्शित किया गया।




