विशिष्ट शासन सचिव, वित्त विभाग एवं जिला प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार ने बुधवार को ग्राम पंचायत सूरवाल में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान जिला कलक्टर काना राम भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रभारी सचिव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा प्राप्त आवेदनों और उनके निस्तारण की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
शिविर के दौरान जिला प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार एवं जिला कलक्टर काना राम ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरण किया। राजस्व विभाग की ओर से नमोनारायण, सकीना, साहिस्ता एवं नोमान को आवासीय पट्टे प्रदान किए गए। कृषि विभाग द्वारा रामजीलाल एवं रामकिशन को बीज मिनी किट तथा पान बाई एवं रूपनारायण को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए।
शिविर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में लगभग 50 वर्ष पुराने भूमि विवाद का आपसी सहमति से बंटवारा करवाकर 20 परिवादियों को राहत प्रदान की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत नोमान, सावित्री, धोली देवी एवं सम्पत को बीमा पॉलिसियां वितरित कर लाभान्वित किया गया।
जिला प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण सेवा शिविरों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों एवं सफलता की कहानियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को योजनाओं का लाभ उनके घर के निकट उपलब्ध कराना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी सेवाओं का त्वरित लाभ मिल सके। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




