कोमल रानी के साथ एयरपोर्ट पर स्पॉट हुए थे गोविंदा, पत्नी सुनीता ने सोशल मीडिया विवाद पर भी दिया जवाब
बॉलीवुड एक्टर गोविंदा को एक्ट्रेस कोमल रानी के साथ देखे जाने के बाद उनकी पत्नी सुनीता आहूजा का गुस्सा सामने आया है। जब पैपराजी ने सुनीता से गोविंदा और कोमल रानी को साथ देखे जाने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी। सुनीता ने कहा कि उन्होंने एक कहावत सुनी है—‘विनाश काले विपरीत बुद्धि।’ इसके बाद उन्होंने कहा कि गोविंदा की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है और इसलिए वह यह सब कर रहे हैं।
दरअसल, सोमवार को पैपराजी ने सुनीता आहूजा से सवाल किया कि गोविंदा भी कोमल मैम के साथ नजर आए हैं, क्या फिल्म का प्रमोशन शुरू हो गया है? इस सवाल पर सुनीता ने गोविंदा का नाम लिए बिना तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अब इस बारे में क्या बोलें।
‘चीटर नंबर 1’ कहे जाने पर भी दिया जवाब
सुनीता से जब सोशल मीडिया पर गोविंदा को ‘चीटर नंबर 1’ कहे जाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि इसका जवाब गोविंदा के फैंस से पूछा जाना चाहिए। सुनीता के मुताबिक, जब वह गोविंदा के बारे में कुछ बोलती हैं तो सोशल मीडिया पर लोग उन्हें ट्रोल करने लगते हैं।
उन्होंने कहा कि अब गोविंदा के फैंस और मीडिया को ही बताना चाहिए कि सही कौन है और गलत कौन। सुनीता ने यह भी कहा कि उन्हें इस मामले में कोई दिलचस्पी नहीं है और वह इस बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहतीं।
‘कुछ करना था तो स्टैंडर्ड से करते’
सुनीता आहूजा ने आगे कहा कि अगर कुछ करना ही था तो अपने स्टैंडर्ड के हिसाब से करना चाहिए था। उन्होंने गोविंदा के मौजूदा व्यवहार को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह उनका स्टैंडर्ड नहीं है।
सुनीता की इस टिप्पणी के बाद गोविंदा और उनके रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा और तेज हो गई है। हालांकि, सुनीता की प्रतिक्रिया के अलावा इस पूरे मामले को लेकर गोविंदा की तरफ से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



