बूंदी के नैनवा रोड स्थित सुदामा सेवा संस्थान वृद्धाश्रम आसरा में एक बेसहारा व्यक्ति महेश शर्मा का निधन होने पर संस्थान द्वारा उनका हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया।
संस्थान से जुड़े मनीष गौतम ने जानकारी दी कि करौली निवासी महेश शर्मा 28 मार्च को लावारिस और मरणासन्न स्थिति में संस्थान के बाहर पहुंचे थे। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत वृद्धाश्रम में आश्रय दिया गया और उनका जिला चिकित्सालय में उपचार कराया गया।
करीब दो सप्ताह तक इलाज के बाद जब उनकी स्थिति में सुधार हुआ तो उन्हें पुनः संस्थान में रखा गया, जहां उन्होंने अपने जीवन के अंतिम दिन बिताए। निधन के बाद संस्थान परिवार ने उन्हें पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी।
संस्थान के संरक्षक एवं हरि मोहन शर्मा को जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, वे तुरंत वृद्धाश्रम पहुंचे और दिवंगत महेश शर्मा को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
संस्थान के सदस्यों ने बताया कि अब तक 17 ऐसे बेसहारा लोगों का अंतिम संस्कार किया जा चुका है, जिनके परिजन अंतिम समय में भी उपस्थित नहीं हो सके। संस्था द्वारा प्रथम दिवस से लेकर 12वें दिन तक की सभी धार्मिक क्रियाएं विधि-विधान से संपन्न कराई जाती हैं।
अंतिम संस्कार में संस्थान के मंत्री छूटटनलाल शर्मा, उपाध्यक्ष रामप्रकाश सविता, कालू ठेकेदार, सूरजमल शर्मा, बिरधीलाल रेगर, अनिल कसेरा, गोलू मीणा, कृष्ण नारायण तिवारी, परमानंद रेगर सहित अन्य सदस्य एवं आवासी उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




