राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 श्रीगंगानगर जिले में 5 एवं 6 अप्रैल 2026 को प्रतिदिन दो पारियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और व्यवस्थाओं को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
परीक्षा की तैयारियों के तहत गुरुवार को जिला परिषद सभागार में केंद्राधीक्षकों, पर्यवेक्षकों, उड़नदस्ता दलों और उपसमन्वयकों की आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान आयोग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत सभी आवश्यक निर्देश दिए गए।
परीक्षा की नोडल अधिकारी अतिरिक्त जिला कलेक्टर रीना छींपा ने बताया कि जिले में परीक्षा के लिए 22 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां चार पारियों में कुल 19,542 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं पूरे राज्य में यह परीक्षा 1174 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें लगभग 7.70 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में साइबर कैफे और ई-मित्र केंद्रों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए फोटो पहचान पत्र, बायोमेट्रिक सत्यापन और वीडियो रिकॉर्डिंग जैसे बहु-स्तरीय सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे। इसके अलावा प्रश्न पत्र परीक्षा शुरू होने से मात्र आधा घंटा पहले ही केंद्रों पर पहुंचाए जाएंगे, जिससे गोपनीयता बनी रहे।
सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, 40 पर्यवेक्षकों, 7 उपसमन्वयकों और 4 उड़न दस्तों की नियुक्ति की गई है। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना है।
परीक्षा प्रकोष्ठ के जिला समन्वयक भूपेश शर्मा ने जानकारी दी कि उपनिरीक्षक और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2025 के प्रत्येक पेपर की अवधि 120 मिनट होगी। पहली पारी में सुबह 10 बजे के बाद और दूसरी पारी में दोपहर 2 बजे के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रतिदिन दो पेपर आयोजित होंगे, जिसमें सामान्य हिन्दी का पेपर सुबह 11 बजे से 1 बजे तक और सामान्य ज्ञान एवं विज्ञान का पेपर दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षार्थी अपना प्रवेश पत्र एसएसओ आईडी के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं।




