राजस्थान के Sri Ganganagar में एच ब्लॉक स्थित Shri Gurunanak Krishna Mandir समिति की ओर से समाज सेवा की अनूठी पहल करते हुए 11 जरूरतमंद बेटियों का सामूहिक विवाह समारोह 15 मार्च को आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन Guru Nanak Dev जी के पावन प्रकाश उत्सव को समर्पित होगा।
समिति अध्यक्ष मनजीत सिंह मंड ने मंदिर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि समारोह की पूर्व संध्या 14 मार्च (शनिवार) को लेडीज संगीत, पारंपरिक ‘जागो’ और मेहंदी की रस्म के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सांस्कृतिक संध्या में क्षेत्र के प्रसिद्ध कलाकार गुरमुख मुसाफिर और अबोहर के लोकप्रिय कलाकार मनजोत (मनु) के साथ बॉलीवुड गायिका अशमिता जैन, फतेह सिंह मोहाली, चन्नी सुख-चैन, अमित भाटिया म्यूजिकल ग्रुप, वीनस मट्टू, सतवीर चहल मूसेवाला, सतवीर सरां हनुमानगढ़, राजा हंटर, रश्मि लहोरिया और जगदीप जग्गा भांगड़ा व गिद्दा सहित लोकगीतों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को भव्य बनाया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन एंकर हनी करेंगे।
समिति अध्यक्ष ने बताया कि 15 मार्च को सुबह 10 बजे मंदिर समिति के पदाधिकारी बारातों का स्वागत करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे सभी जोड़ों का विवाह उनके धर्म की मर्यादा के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ फेरे एवं आनंद कारज की रस्म के साथ संपन्न कराया जाएगा।
मंदिर के सामने लगाए गए पंडाल में विशेष कीर्तन दीवान भी सजाया जाएगा। अरदास के बाद श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा और शाम करीब 4 बजे नवविवाहित जोड़ों को विदाई दी जाएगी।
मंदिर समिति की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को वैवाहिक जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामान भी भेंट किया जाएगा। समिति अध्यक्ष ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराने के उद्देश्य से यह सामूहिक विवाह समारोह पिछले पांच वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है।
समिति पदाधिकारियों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दें और इस सामाजिक व धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाएं।
प्रेस वार्ता में संस्था के महासचिव मुनीश कुमार लढ्ढा, चिंतापूर्णी सभ्य संकीर्तन मंडल के प्रधान तरसेम नागपाल, सुनील बिश्नोई, कैप्टन राजू वाल्मीकि, सन्नी चावला, विक्की, पंडित राधेश्याम शर्मा, निर्मल सिंह, महेंद्र स्टूडियो, ओमप्रकाश वितरना, सुखविंदर सिंह, सुमनदीप कौर, हरतेज सिंह, राजकुमार नारंग, जगदीप जग्गा, केवल डामा, पवन कुमार अरोड़ा, माइकल ढाका, नरेश कुमार, रमेश कुमार, बिल्लू बादशाह और जितेंद्र कुमार सहित कई सेवादार पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए हैं।




