श्री गुरुनानक कृष्णा मंदिर समिति 15 मार्च को करवाएगी 11 जरूरतमंद बेटियों का सामूहिक विवाह
श्रीगंगानगर के एच ब्लॉक स्थित श्री गुरुनानक कृष्णा मंदिर समिति की ओर से श्री गुरुनानक देव जी के पावन प्रकाश उत्सव को समर्पित 11 जरूरतमंद कन्याओं का छठा सामूहिक विवाह समारोह 15 मार्च (रविवार) को आयोजित किया जाएगा।
समारोह की पूर्व संध्या पर 14 मार्च (शनिवार) शाम को लेडीज संगीत, पारंपरिक ‘जागो’ और मेहंदी की रस्म के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी समिति अध्यक्ष मनजीत सिंह मंड ने मंदिर में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक संध्या में गुरमुख मुसाफिर, मनजोत (मनु), बॉलीवुड गायिका अशमिता जैन, फतेह सिंह मोहाली, चन्नी सुख-चैन, अमित भाटिया म्यूजिकल ग्रुप, वीनस मट्टू, सतवीर चहल मूसेवाला, सतवीर सरां हनुमानगढ़, राजा हंटर, रश्मि लहोरिया और जगदीप जग्गा सहित कई कलाकार लोकगीतों और भक्ति प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बनाएंगे। कार्यक्रम का संचालन एंकर हनी करेंगे।
समिति अध्यक्ष ने बताया कि 15 मार्च को सुबह 10 बजे मंदिर समिति के पदाधिकारी बारातों का स्वागत करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे सभी जोड़ों का विवाह उनके धर्म की मर्यादा के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चारण, फेरे और आनंद कारज की रस्म के साथ संपन्न कराया जाएगा।
इस दौरान मंदिर के सामने लगाए गए पंडाल में विशेष कीर्तन दीवान भी सजाया जाएगा। अरदास के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा और शाम करीब 4 बजे नवविवाहित जोड़ों को विदाई दी जाएगी।
समिति की ओर से सभी जोड़ों को वैवाहिक जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामान भी भेंट किया जाएगा। समिति अध्यक्ष ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक कराने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम पिछले पांच वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है।
समिति पदाधिकारियों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने और इस सामाजिक व धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है।




