श्रीगंगानगर में नर्सेज आंदोलन हुआ तेज, कल से विरोध प्रदर्शन बढ़ाने का निर्णय
राजस्थान नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति के प्रांतीय आह्वान पर चल रहे नर्सेज आंदोलन को अब और तेज करने का निर्णय लिया गया है। आंदोलन के अगले चरण में गुरुवार से उपखंड स्तर पर विरोध प्रदर्शन और गेट मीटिंग आयोजित की जाएंगी।
राजकीय जिला चिकित्सालय के प्रशासनिक ब्लॉक के बाहर राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन श्रीगंगानगर द्वारा विरोध प्रदर्शन और गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने सरकार से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई।
गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राहुल मोयल और चिरंजीलाल ने बताया कि संगठन 12 जून से चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। उन्होंने कहा कि मृतक संविदा नर्सिंग कर्मी दीपक के परिवार को न्याय दिलाने, सेवा से हटाए गए संविदा नर्सेज को पुनः नियुक्त करने, आगामी नर्सिंग भर्ती मेरिट एवं अनुभव के बोनस अंकों के आधार पर करने तथा चिकित्सा विभाग में प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से नर्सेज भर्ती पर रोक लगाने की मांग लगातार उठाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद अब तक सरकार की ओर से कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। इसी कारण आंदोलन को और व्यापक रूप देते हुए अब इसे उपखंड स्तर तक ले जाने का फैसला किया गया है।
जिलाध्यक्ष रविन्द्र शर्मा ने कहा कि जब तक नर्सेज की सभी जायज मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। उन्होंने प्रदेशभर के नर्सिंग कर्मचारियों से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।




