एक नई ज़िन्दगी आपका इंतजार कर रही है: डॉक्टर हरीश कटारिया
नई दिशा नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में “नशा छोड़ो, खुशहाल जिंदगी जीओ” विषय पर एक प्रेरक व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ. हरीश कटारिया (लाइफ कोच एवं मोटिवेशनल स्पीकर) ने रोगियों को नशा छोड़कर सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में डॉ. कटारिया ने कहा कि जिंदगी बहुत खूबसूरत है और यह हमें ईश्वर तथा हमारे माता-पिता से मिला एक अनमोल उपहार है। इसलिए इस प्यारी जिंदगी में नशे का कोई स्थान नहीं होना चाहिए, क्योंकि नशा व्यक्ति और उसके परिवार के जीवन को पूरी तरह से बर्बाद कर देता है।
उन्होंने नशे में लिप्त रोगियों को नशे के छह प्रमुख कारण और उनके छह समाधान भी बताए, ताकि वे अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव ला सकें। व्याख्यान के दौरान उन्होंने प्रेरणा देने के लिए आमिर खान, कपिल शर्मा, यो यो हनी सिंह और अब्दुल कलाम आजाद के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक उदाहरण भी साझा किए।
डॉ. कटारिया ने प्रतिभागियों को सुबह उठते समय और रात को सोते समय सकारात्मक एफर्मेशन (Positive Affirmations) अपनाने की सलाह दी और उपस्थित रोगियों को इनका अभ्यास भी करवाया, जिससे उनमें आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
इसके बाद प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें रोगियों ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा किए और नशा छोड़ने से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के अंत में केंद्र के निदेशक अमित वर्मा ने डॉ. हरीश कटारिया का आभार व्यक्त किया और रोगियों से अपील की कि वे उनके बताए गए सूत्रों को अपने जीवन में अपनाकर एक नई और बेहतर जिंदगी की शुरुआत करें।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें




