आईएमए अध्यक्ष डॉ. हरीश रहेजा द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अजय सिंगला ने स्पष्ट बयान जारी कर सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा और निराधार बताया है।
सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने कहा कि जिस ऑडियो का हवाला दिया जा रहा है, उसे उन्होंने स्वयं जिला कलेक्टर और उच्च अधिकारियों को भेजा है, जिसमें किसी भी प्रकार की पैसे की मांग का उल्लेख नहीं है। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला जांच को प्रभावित करने और दबाव बनाने की कोशिश है।
डॉ. सिंगला ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत हर तीन माह में अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण किया जाता है। इसी क्रम में 26.05.2026 को अन्य केंद्रों के साथ सुखाड़िया मार्ग स्थित अंबे हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया था।
निरीक्षण के दौरान एक्सरे मशीन कक्ष के पास गर्भवती महिलाओं की मौजूदगी पाई गई, जिसे स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण बताया गया। जांच में यह भी सामने आया कि एक्सरे मशीन का पंजीकरण नहीं था और लैब भी अपंजीकृत थी। वहां कार्यरत कर्मचारी भी योग्य और प्रशिक्षित नहीं पाए गए, जिसमें एक युवक केवल 12वीं पास था।
सीएमएचओ ने कहा कि संबंधित संस्थान को नोटिस जारी किया गया था, जिसका जवाब हॉस्पिटल संचालक ने गलती स्वीकार करते हुए माफी सहित दिया है। उन्होंने कहा कि मामला सीधे आमजन के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. सिंगला ने आरोप लगाया कि जांच में अनियमितताएं सामने आने के बाद दबाव बनाने और मामले को दबाने के लिए उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा और वे किसी भी दबाव में काम नहीं करेंगे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




