श्रीगंगानगर बार संघ ने चैंबर निर्माण की मांग को लेकर कानून मंत्री को सौंपा ज्ञापन
विधायक गुरवीर सिंह बराड़ के नेतृत्व में बार संघ श्रीगंगानगर के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान सरकार के विधि एवं कानून मंत्री जोगाराम पटेल से मुलाकात कर अधिवक्ताओं के चैंबर निर्माण से संबंधित मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि श्रीगंगानगर में निर्माणाधीन नए कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं के लिए किसी प्रकार के चैंबर निर्माण का प्रावधान नहीं किया गया है। साथ ही अब तक चैंबर निर्माण के लिए किसी प्रकार का बजट भी स्वीकृत नहीं हुआ है, जिससे अधिवक्ताओं को भविष्य में कार्य करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
बार संघ के अध्यक्ष हंसराज तनेजा ने विस्तृत चर्चा के दौरान बताया कि वर्ष 2023 से लगातार बार संघ द्वारा अधिवक्ताओं के चैंबर निर्माण की मांग की जा रही है। इसके बावजूद अभी तक न तो निर्माण कार्य के लिए कोई वित्तीय स्वीकृति मिली है और न ही आवंटित भूमि पर निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इस दौरान विधायक गुरवीर सिंह बराड़ ने कहा कि वे और विधायक जयदीप आपसी चर्चा के बाद विधायक निधि से अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण हेतु राशि स्वीकृत करवाने का प्रयास करेंगे। साथ ही राज्य सरकार से भी आवश्यक बजट स्वीकृत कराने के लिए मुख्यमंत्री स्तर पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि अधिवक्ताओं की इस महत्वपूर्ण मांग को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और नए कोर्ट परिसर में चैंबर निर्माण के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




