सोमवती अमावस्या पर गणेश मंदिर में सुंदरकांड पाठ एवं गौ सेवा
सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर कालवा ग्राम में गोभक्त जगदीश सिंह फौजी एवं रघुवीर सिंह तंवर के सानिध्य में गौ सेवा का विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान गौशाला में गोमाता की विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने सेवा कार्यों में भाग लिया।
भक्तों ने गौशाला में गौ माताओं को गुड़, हरा चारा एवं तरबूज खिलाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं सड़कों पर विचरण कर रही गौ माताओं को भी गुड़ और हरा चारा खिलाया गया। सुबह से ही मंदिरों और गौशालाओं में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने गौ माता की पूजा-अर्चना कर परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इसी अवसर पर गणेश डूंगरी बोरावड़ स्थित रिद्धि-सिद्धि गणेश मंदिर में रामजी महाराज द्वारा रचित सुंदरकांड का संगीतमय पाठ आयोजित किया गया। रामजी महाराज की कैसेट वाणी सुनकर श्रद्धालु भक्तिभाव में सराबोर हो गए। कार्यक्रम के दौरान भक्तों को तुलसी और मिश्री का प्रसाद वितरित किया गया।
भगवान गणेश को अर्पित प्रसाद स्वरूप फल, आम और केले को बाद में बोरावड़ गौशाला में गोमाता को खिलाकर मंगलकामनाएं की गईं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवती अमावस्या पर गौ सेवा करने से पितृ दोष से मुक्ति मिलती है तथा अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
इस अवसर पर कई समाजसेवियों ने जरूरतमंद लोगों को भोजन एवं वस्त्र वितरित किए। पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए




