उम्मेद भवन में गूंजेंगी शहनाइयां, शैलेश लोढ़ा की बेटी स्वरा आज लेंगी सात फेरे
कवि और अभिनेता शैलेश लोढ़ा की बेटी स्वरा की शादी 6 जुलाई को जोधपुर के ऐतिहासिक उम्मेद भवन पैलेस में होने जा रही है। शादी से पहले शनिवार शाम मेहंदी की रस्म और रात में संगीत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत कई खास मेहमान शामिल हुए और उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद दिया।
शादी समारोह में शामिल होने के लिए देशभर से मेहमान जोधपुर पहुंच चुके हैं। सभी मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था उम्मेद भवन पैलेस में की गई है। रविवार और सोमवार को कई केंद्रीय मंत्री, बॉलीवुड कलाकार, साहित्यकार और अन्य वीआईपी मेहमान भी समारोह में शामिल होंगे।
स्वरा की शादी सिंगापुर निवासी शाश्वत से हो रही है, जो एक बैंकिंग कंपनी में कार्यरत हैं। स्वरा अपनी मां डॉ. स्वाति लोढ़ा के साथ एक पुस्तक भी लिख चुकी हैं। शादी को लेकर उम्मेद भवन पैलेस में विशेष तैयारियां की गई हैं।
समारोह में गीतकार मनोज मुंतशिर, अभिनेता राकेश बेदी, रजा मुराद और सिंगर गुरदीप मेहंदी भी पहुंचे। जोधपुर पहुंचने पर मनोज मुंतशिर ने लोगों से सकारात्मक सोच अपनाने और बच्चों की प्रतिभा को पहचानने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को वही कार्य करना चाहिए, जिसे भविष्य भी सही ठहराए।
शादी समारोह में सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, योग गुरु बाबा रामदेव, कृष्णा अभिषेक, वरिष्ठ पत्रकार सुधीर चौधरी, ब्रजेश सिंह, हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।




