रजनीश हॉस्पिटल में नशा मुक्ति अभियान पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं तालुका विधिक सेवा समिति शाहपुरा के निर्देशानुसार नगर परिषद स्थित रजनीश हॉस्पिटल में नशा मुक्ति एवं ड्रग्स के दुष्प्रभावों पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन तालुका विधिक सेवा समिति शाहपुरा के अधिकार मित्र दिनेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रजनीश हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. रजनीश शर्मा ने की। इस दौरान उपस्थित नागरिकों एवं अस्पताल स्टाफ को "नशामुक्त जीवन" अपनाने का संकल्प दिलाया गया। डॉ. शर्मा ने कहा कि समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए युवाओं का नशे से दूर रहना अत्यंत आवश्यक है। स्वस्थ और स्वच्छ मस्तिष्क से ही व्यक्ति जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने धूम्रपान, गुटखा, तम्बाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करती है। नियमित रूप से तम्बाकू, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से मुंह, गले और फेफड़ों के कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
अधिकार मित्र दिनेश कुमार शर्मा ने अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को विभिन्न प्रकार की नशीली वस्तुओं, ई-सिगरेट एवं अन्य हानिकारक पदार्थों की ओर आकर्षित करने के प्रयास किए जाते हैं, इसलिए सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है।
उन्होंने सभी नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर रजनीश हॉस्पिटल के स्टाफ सदस्य वैभव शर्मा, विनोद सिंह, कुलादित्य शर्मा, विजय जैसवाल, आशीष शर्मा, जगदीश शर्मा, मुकेश रोलानिया सहित अन्य कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




