सरकारी रोडवेज बस डिपो पेट्रोल पंप के पास चल रहे सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में व्यासपीठ पर विराजमान कथावाचक पंडित राहुल कृष्ण शास्त्री जी महाराज (श्री वृंदावन धाम) ने भागवत रचना, बारह अवतार, परीक्षित जन्म, नारद-व्यास संवाद और कपिल देवहुति संवाद की कथा का मधुर और भावपूर्ण वर्णन किया। उनकी वाणी से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर कथा श्रवण करते रहे।
कथावाचक पंडित राहुल कृष्ण शास्त्री ने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीमद् भागवत कथा जीवन का आधार है और इसमें समस्त वेद-शास्त्रों का सार निहित है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति श्रद्धा और भक्ति भाव से भागवत कथा का श्रवण करता है, उसके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है और उसे आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है। कथा सुनने के लिए कॉलोनी वासी और आसपास की ढाणियों से सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान गोरी म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने भजनों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसमें लोकेश बृजवासी, चेतन गोस्वामी, गोपाल जाला ताला और पं. संजय शास्त्री ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर धुनों से पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूब गया और श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम के अंत में भामाशाह एवं प्रॉपर्टी डीलर विनोद कुमार द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे, जिनमें कुनाल भारद्वाज, देवकरण गुर्जर, देवेंद्र कुमार सैनी, श्रीराम जाट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि आने वाले दिनों में कथा का क्रम और भी दिव्य एवं रोचक रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होगा।




