उपखंड क्षेत्र के ग्राम संवारिया में स्वयंभू श्री नीलकंठ महादेव मंदिर के पुनर्निर्माण के उपलक्ष्य में आयोजित नव दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा महोत्सव, माता पार्वती प्राण प्रतिष्ठा एवं मंदिर शिखर कलश स्थापना समारोह का शुभारंभ मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। यह धार्मिक आयोजन 16 जून से 24 जून तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन कथा वाचन, धार्मिक अनुष्ठान, भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव के प्रथम दिन प्रातः बस स्टैंड से भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। भगवान भोलेनाथ के जयकारों और भजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। कलश यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। मार्ग में जगह-जगह पेयजल और शीतल पेय की व्यवस्था की गई।
मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए तथा प्रसिद्ध कथावाचक पंडित बनवारीलाल दाधीच (बोराड़ा वाले) के श्रीमुख से श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ किया गया। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु लगातार पहुंच रहे हैं।
आयोजन के तहत 17 जून को रामकुमार मालुणी एंड पार्टी द्वारा विशाल भजन संध्या, 18 जून को कवि सम्मेलन एवं भजन संध्या, तथा 19 से 23 जून तक प्रतिदिन हवन, शिव पुराण कथा एवं भजन संध्या आयोजित की जाएगी। 24 जून को मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा, शिखर कलश एवं त्रिशूल स्थापना के साथ कथा की पूर्णाहुति होगी, जिसके बाद विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि मेले में झूले, चकरी एवं अन्य मनोरंजन की व्यवस्था भी की गई है। पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था, उत्साह और उल्लास का वातावरण बना हुआ है तथा श्रद्धालुओं का निरंतर आगमन जारी है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




