शहर में फिर दिखा लेपर्ड, रामलीला मैदान इलाके में सीसीटीवी में कैद
रणथंभौर नेशनल पार्क के नजदीक बसे सवाई माधोपुर शहर में इन दिनों लेपर्ड का मूवमेंट लगातार बढ़ता जा रहा है। घनी आबादी वाले पुराने शहर में रात के समय लेपर्ड के घूमने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बीती रात पुराने शहर के रामलीला मैदान के पास स्थित एक कॉलोनी में लेपर्ड को चहलकदमी करते देखा गया। इसका वीडियो पास के एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
गौरतलब है कि हाल ही में वन विभाग द्वारा नीम चौकी इलाके से दो लेपर्ड को पिंजरे में पकड़कर रणथंभौर के जंगलों में छोड़ा जा चुका है। इसके बावजूद शहर के अलग-अलग इलाकों में अभी भी लेपर्ड का मूवमेंट देखने को मिल रहा है।
पुराने शहर के रामलीला मैदान, राजबाग, डूंगरपाड़ा, तेलन पंसेरी बालाजी और नीम चौकी सहित आसपास की कॉलोनियों में रात के समय लेपर्ड के बेखौफ घूमने से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। स्थिति यह है कि लोग रात के समय जरूरी काम से भी घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द लेपर्ड को पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए, ताकि इलाके के लोगों को इस दहशत से राहत मिल सके।
वन विभाग अलर्ट, पिंजरा लगाने के निर्देश
इस संबंध में डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि शहर में लेपर्ड के मूवमेंट की जानकारी मिली है। उन्होंने वन विभाग की टीम को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और लेपर्ड को पकड़ने के लिए संबंधित क्षेत्र में पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी नीम चौकी इलाके में लेपर्ड के मूवमेंट की सूचना पर पिंजरा लगाकर उसे पकड़ा गया था और बाद में रणथंभौर के जंगल में छोड़ा गया था। डीएफओ के अनुसार शहर जंगल के नजदीक होने के कारण कई बार वन्यजीवों का मूवमेंट देखने को मिल जाता है।
हाल ही में रणथंभौर नेशनल पार्क में लेपर्ड की संख्या में भी वृद्धि हुई है, जिसके चलते शहर की ओर उनका आना-जाना बढ़ गया है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि सुरक्षा के मद्देनजर जल्द ही पिंजरा लगाकर लेपर्ड को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।




