सांभर लेक में जलदाय विभाग की अनूठी सेवा, राहगीरों को पिलाया शीतल जल व शरबत
एसडीएम ऋषि राज कपिल ने की विभागीय टीम की सराहना, बस स्टैंड पहुंचकर आमजन को पिलाया शीतल पेय जल
भीषण गर्मी के दौर में जहां आमजन गर्म हवाओं और तपती धूप से परेशान हैं, वहीं सांभर लेक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (जलदाय विभाग) द्वारा मानव सेवा की अनूठी मिसाल पेश की जा रही है। “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के तहत विभाग की ओर से सांभर लेक बस स्टैंड परिसर में शीतल पेयजल एवं शरबत वितरण सेवा शिविर लगाया गया, जहां ग्रामीण जनता, यात्रियों एवं राहगीरों को ठंडा पानी और शरबत पिलाकर राहत पहुंचाई गई।
इस सेवा कार्य का निरीक्षण करने स्वयं उपखंड अधिकारी ऋषि राज कपिल बस स्टैंड पहुंचे। उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में आमजन को राहत पहुंचाना एक पुनीत कार्य है। एसडीएम ने विभागीय कर्मचारियों के साथ मिलकर राहगीरों को शीतल पेयजल भी पिलाया और सेवा कार्य की प्रशंसा की।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता संजय कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम पूरी सक्रियता से सेवा कार्य में जुटी हुई है। वहीं कनिष्ठ अभियंता अंजलि नागरवाल भी सेवाभाव के साथ व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाते हुए आमजन को राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
बस स्टैंड पर लगाए गए शिविर में दिनभर बड़ी संख्या में यात्रियों, ग्रामीणों एवं राहगीरों ने शीतल जल और शरबत का सेवन कर राहत महसूस की। लोगों ने जलदाय विभाग की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए विभागीय अधिकारियों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
भीषण गर्मी के बीच जलदाय विभाग का यह सेवा कार्य आमजन के लिए राहत का बड़ा सहारा बन रहा है तथा “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” को जनसेवा से जोड़ने का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहा है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें




