Russia-Ukraine War: शांति प्रस्तावों पर रूस तैयार, लेकिन रखी बड़ी शर्त
मॉस्को। रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से जारी युद्ध को खत्म करने की कोशिशों के बीच मॉस्को ने नए शांति प्रस्तावों को लेकर बड़ा संकेत दिया है। रूस ने कहा है कि वह युद्ध खत्म करने के लिए सामने आने वाले नए विचारों और प्रस्तावों पर चर्चा करने के लिए तैयार है। हालांकि, रूस ने यह भी साफ कर दिया है कि किसी भी संभावित समझौते में मौजूदा ‘जमीनी हकीकत’ को ध्यान में रखना होगा।
रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने एक मीडिया इंटरव्यू में कहा कि मॉस्को अमेरिका की ओर से आने वाले नए सुझावों को सुनने के लिए तैयार है। हालांकि, रूस उन्हीं प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करेगा, जो रूसी राष्ट्रपति के तय लक्ष्यों और मौजूदा परिस्थितियों के अनुरूप होंगे।
अमेरिका की भूमिका पर भी रूस की नजर
सर्गेई रयाबकोव के मुताबिक, अमेरिका रूस के साथ बातचीत करने और मॉस्को का पक्ष समझने की इच्छा दिखा रहा है। लेकिन रूस के लिए यह भी महत्वपूर्ण है कि वॉशिंगटन यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों के फैसलों पर कितना प्रभाव डाल सकता है।
मॉस्को का आरोप है कि यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगी अब भी रूस को रणनीतिक रूप से कमजोर करने और हराने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए दोनों पक्षों के बीच मौजूद मतभेद बड़ी चुनौती बने हुए हैं।
रूस-अमेरिका वार्ता क्यों हुई धीमी?
पश्चिम एशिया में ईरान से जुड़े संघर्ष के बीच यूक्रेन युद्ध खत्म करने को लेकर रूस और अमेरिका के बीच चल रही कूटनीतिक कोशिशें भी धीमी हुई हैं। क्रेमलिन ने हाल ही में कहा था कि उसे अभी तक अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ की मॉस्को की संभावित अगली यात्रा को लेकर कोई जानकारी नहीं मिली है।
दोनों अमेरिकी प्रतिनिधि इससे पहले रूस के साथ शांति वार्ता को आगे बढ़ाने की कोशिशों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ बैठक कर चुके हैं। बैठक के बाद रुबियो ने कहा था कि अमेरिका रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना था कि तत्काल समझौते की संभावना आसान नहीं है।
वॉशिंगटन दोनों पक्षों के बीच किसी तरह का ‘बीच का रास्ता’ निकालने की कोशिश कर रहा है।
रूस ने कहा- रुबियो के नए प्रस्ताव सुनने को तैयार
रयाबकोव ने कहा कि रूस अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की ओर से आने वाले नए सुझावों और प्रस्तावों को सुनने के लिए तैयार है। लेकिन मॉस्को का रुख यह है कि किसी भी समझौते को रूस के राष्ट्रपति द्वारा तय किए गए लक्ष्यों और मौजूदा हालात को ध्यान में रखकर आगे बढ़ना होगा।



