राम राणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बोरावड़ से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें आरटीई के तहत अध्ययनरत छात्रा को फीस जमा कराने के दबाव में प्रथम टेस्ट से वंचित करने और कक्षा से बाहर बैठाकर अपमानित करने का आरोप है।
परेशान होकर कक्षा 12 की छात्रा अभया सोनी अपने पिता लक्ष्मण सिंह मैढ़ के साथ उपखंड अधिकारी कार्यालय मकराना पहुंची और एसडीएम अंशुल सिंह को शिकायत प्रस्तुत कर न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखंड अधिकारी ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, अभया सोनी पहली कक्षा से आरटीई के तहत इसी विद्यालय में अध्ययनरत है और कक्षा 8 के बाद भी सरकार के नियमों के अनुसार उसकी शिक्षा जारी है। इसके बावजूद विद्यालय प्रशासन द्वारा कक्षा 10 में प्रवेश के बाद से लगातार फीस जमा कराने का अवैध दबाव बनाया जा रहा है।
आरोप है कि स्कूल प्रशासन छात्रा को परीक्षाओं में नहीं बैठाने की चेतावनी देता रहा और कई बार प्रवेश पत्र देने से भी मना किया। इतना ही नहीं, कक्षा के दौरान उसे बाहर बैठाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे उसकी पढ़ाई और परीक्षा परिणाम प्रभावित हो रहे हैं।
प्रार्थी लक्ष्मण सिंह मैढ़ ने बताया कि उन्होंने कई बार विद्यालय प्रशासन से नियमों के अनुसार जानकारी मांगी, लेकिन न तो फीस की स्पष्ट जानकारी दी गई और न ही किसी सरकारी आदेश की प्रति उपलब्ध कराई गई।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि विद्यालय प्रशासन का कहना है कि पहले अभिभावक फीस जमा कराएं, बाद में सरकार डीबीटी के माध्यम से राशि लौटाएगी, जबकि इस संबंध में कोई स्पष्ट आदेश प्रस्तुत नहीं किया गया।
परिवार ने मांग की है कि छात्रा को सभी परीक्षाओं में नियम अनुसार बैठने की अनुमति दी जाए और विद्यालय प्रशासन को इस प्रकार की कार्रवाई से रोका जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।




