स्वजनों की पुण्यतिथि पर भजन कीर्तन व मानव सेवा करना पुण्य का कार्य: श्री रामरिछपाल दास महाराज
स्व. रावधीर सिंह की 52वीं पुण्यतिथि पर संत आशीर्वचन, भजन कीर्तन और चिकित्सा शिविर आयोजित
स्व. रावधीर सिंह स्मृति सेवा मंडल शाहपुरा के तत्वावधान में संरक्षक एवं जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह की उपस्थिति में उनके पिताश्री एवं पूर्व शिक्षा मंत्री स्व. रावधीर सिंह की 52वीं पुण्यतिथि हनुमंत निवास बाग, शाहपुरा में श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
भाजपा जयपुर जिला देहात उत्तर मीडिया प्रभारी सुभाष जोशी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ त्रिवेणी धाम के संत श्री रामरिछपाल दास महाराज के आशीर्वचनों से हुआ। महाराज श्री ने कहा कि वर्तमान समय में लोग अपने स्वजनों के जन्मदिन तो मनाते हैं, लेकिन उनकी पुण्यतिथि पर भजन-कीर्तन और मानव सेवा करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से दिवंगत आत्माओं को शांति मिलती है और नई पीढ़ी को संस्कारों की प्रेरणा प्राप्त होती है।
कार्यक्रम में कल्याण सिंह गुर्जर, काशी प्रसाद शर्मा, रामदयाल मेहरा और मोहनलाल शर्मा सहित भजन मंडली ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। उपस्थित जनसमूह ने स्व. रावधीर सिंह के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मंडल अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद योगी ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत विशाल चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। राजकीय उप जिला चिकित्सालय शाहपुरा के चिकित्सकों ने 93 मरीजों, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान मानद विश्वविद्यालय जयपुर की टीम ने 95 मरीजों तथा शंकर हॉस्पिटल एंड फिजियोथैरेपी सेंटर शाहपुरा ने 27 मरीजों की जांच कर दवा वितरण एवं उपचार किया।
इसके अतिरिक्त दिव्यांगजनों को सहायता उपकरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष तकनीकी टीम द्वारा 8 व्यक्तियों का चयन किया गया। चिकित्सा शिविर में कुल 223 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं एवं चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया।
इस दौरान जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह ने जनसुनवाई करते हुए क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए।




