सवाई माधोपुर में रणथम्भौर बाघ संरक्षण कार्यक्रम के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों और विद्यालयों में व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक शारदा प्रताप सिंह और उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक मानस सिंह के निर्देशन में कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों और ग्रामीण समुदाय को वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता के महत्व के प्रति संवेदनशील बनाना है।
उप वन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि यह पहल स्थानीय समुदाय और नई पीढ़ी को संरक्षण के प्रति जागरूक कर उन्हें सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करती है। इससे रणथम्भौर क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण और अधिक सुदृढ़ होगा।
कार्यक्रम के तहत भूरी पहाड़ी, खिदरपुर जादौन, एण्डवा और तालडा सहित कई ग्रामों में संवाद आधारित गतिविधियाँ आयोजित की गईं। सोशियोलॉजिस्ट ममता साहू द्वारा वन्यजीव आधारित फिल्म प्रदर्शन, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, संवाद और वन भ्रमण के माध्यम से प्रभावी जनसंपर्क स्थापित किया गया।
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भावपुर, राजकीय सीनियर सैकण्डरी स्कूल बहरावंडा खुर्द, रांवल, लहसोडा और मदरसा सी. सै. सवाई माधोपुर के विद्यार्थियों को बाघ और अन्य वन्यजीवों के संरक्षण, पारिस्थितिकी तंत्र में उनकी भूमिका और पर्यावरणीय संतुलन के महत्व की जानकारी दी गई। इसके साथ ही प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में वन्यजीव संरक्षण संबंधी बुकलेट, स्टीकर और जूट कैरी बैग वितरित किए गए ताकि प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा मिले। इस प्रकार 2 कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और ग्रामीणों को वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




