रानीवाड़ा-सांचौर मुख्य मार्ग पर जलभराव से राहगीर परेशान, प्रशासन पर अनदेखी का आरोप
रानीवाड़ा के सांचौर रोड मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे आमजन, वाहन चालकों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार नेता बस्ती क्षेत्र से आने वाला पानी मुख्य सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे मार्ग पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी रहती है। इससे दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो बड़ा हादसा भी हो सकता है।
क्षेत्र के व्यापारियों ने बताया कि यह मार्ग शहर का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर लगातार पानी भरा रहता है।
व्यापारियों का आरोप है कि क्षेत्र के बड़े अधिकारी और जनप्रतिनिधि प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नेता बस्ती से आने वाले पानी की निकासी के लिए स्थायी समाधान किया जाए तथा सड़क को जलभराव से मुक्त कराया जाए।
स्थानीय व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जनता अपने प्रतिनिधियों को समस्याओं के समाधान की उम्मीद में चुनती है, लेकिन जब मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लंबे समय तक बनी रहें तो जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर सवाल उठना स्वाभाविक है।




