देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2025-26 के अंतर्गत मंगलवार को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम-मदुरई के लिए विशेष ट्रेन को देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मंत्री ने यात्रा पर जा रहे वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें शुभ यात्रा की कामना दी।
मंत्री श्री कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2025 के तहत यह अंतिम ट्रेन है, जिसके माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठजनों को प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जा रहे हैं। इस ट्रेन में जयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के कुल 990 यात्री सवार हुए हैं।
उन्होंने बताया कि दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से 400 यात्री, सवाई माधोपुर से 120 यात्री और कोटा रेलवे स्टेशन से 470 यात्री इस यात्रा में शामिल हुए हैं। यह विशेष ट्रेन 2 अप्रैल को रामेश्वरम पहुंचेगी, जहां यात्रियों का एक दिन का ठहराव रहेगा।
रामेश्वरम में श्रद्धालुओं को हिंदू धर्म के प्रमुख चार धामों में से एक रामनाथ स्वामी मंदिर और ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। इसके अलावा यात्रियों को धनुष्कोडी में रामसेतु के दर्शन तथा समुद्र में तैरते पत्थरों को देखने का अवसर भी मिलेगा। साथ ही आसपास के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।
इसके पश्चात सभी यात्रियों को अगले दिन मदुरई ले जाया जाएगा, जहां प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा पूर्ण होने के बाद यह ट्रेन पुनः जयपुर के लिए रवाना होगी और 7 अप्रैल को वापस पहुंचेगी।
देवस्थान मंत्री ने बताया कि बजट घोषणा-2025-26 के तहत अब तक 56 ट्रेनों के माध्यम से करीब 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को देशभर के विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जा चुकी है। इसके अलावा 83 फ्लाइट्स के जरिए 6 हजार वरिष्ठजनों को नेपाल के काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन भी करवाए गए हैं।
उन्होंने आगे बताया कि आगामी वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के लिए विभाग द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए जल्द ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।




