अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद ट्रस्ट ने मंदिर की पवित्रता बनाए रखने के लिए 70 वैदिक आचार्यों की मौजूदगी में विशेष प्रायश्चित पूजन शुरू किया
अयोध्या के भव्य राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना सामने आने के बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार प्रायश्चित पूजन शुरू करा दिया है। ट्रस्ट ने इस घटना को गंभीर चूक मानते हुए मंदिर की पवित्रता बनाए रखने और भगवान श्रीराम से क्षमा-याचना के उद्देश्य से विशेष वैदिक अनुष्ठान आयोजित किया है।
10 दिनों तक चलेगा विशेष प्रायश्चित अनुष्ठान
जानकारी के अनुसार यह प्रायश्चित पूजन दस दिनों तक चलेगा। मंदिर के गर्भगृह और परकोटा क्षेत्र में कुल 70 वैदिक आचार्य वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, रुद्राभिषेक और रामार्चा पूजन जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं।
धार्मिक परंपरा के अनुसार किया जा रहा शुद्धिकरण
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यदि किसी मंदिर में चोरी, अपवित्रता या अन्य अशुभ घटना होती है तो मंदिर की पवित्रता की पुनर्स्थापना के लिए शुद्धिकरण और प्रायश्चित पूजन किया जाता है।
ट्रस्ट ने माना घटना को गंभीर चूक
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि ने कहा कि किसी भी भूल का पहला प्रायश्चित यह है कि उसे भविष्य में दोहराया न जाए। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट इस घटना से सबक लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में भी काम करेगा।




