पूर्व IPS और अयोध्या के पूर्व DM भी रेस में, 18 में से 3 नाम होंगे फाइनल
राम मंदिर के CEO की कुर्सी के लिए बड़ी रेस शुरू हो गई है… 5300 से ज्यादा आवेदनों में से सिर्फ 18 उम्मीदवार अब अंतिम दौड़ में हैं। अयोध्या राम मंदिर के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर यानी CEO की नियुक्ति के लिए चार दिन तक इंटरव्यू चल रहा है। इस पद के लिए देशभर से बड़ी संख्या में लोगों ने आवेदन किया था, लेकिन स्क्रूटनी के बाद सिर्फ 18 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए चुना गया है।
पूर्व IPS और अयोध्या के पूर्व DM भी रेस में
इंटरव्यू के पहले दिन एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के तौर पर काम कर चुके पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडेय और अयोध्या के पूर्व जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा इंटरव्यू देने पहुंचे। बताया जा रहा है कि प्रत्येक उम्मीदवार से करीब एक से दो घंटे तक बातचीत की जा रही है।
इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों के प्रशासनिक अनुभव, उन्होंने पहले किन जगहों पर काम किया और वहां क्या जिम्मेदारियां निभाईं, जैसे सवाल पूछे जा रहे हैं। इसके साथ ही भगवान राम के प्रति उनकी आस्था और परिवार से जुड़े सामान्य सवाल भी इंटरव्यू का हिस्सा बताए जा रहे हैं।
5300 से ज्यादा आवेदन, सिर्फ 18 उम्मीदवार
राम मंदिर CEO पद के लिए 5300 से ज्यादा आवेदन मिले थे। आवेदन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों से ऑनलाइन गूगल फॉर्म के जरिए 34 सवालों के जवाब भी मांगे गए थे। इन्हीं जवाबों और योग्यता के आधार पर आवेदनों की स्क्रूटनी की गई और 18 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
इन 18 उम्मीदवारों में से इंटरव्यू के बाद सिर्फ तीन नाम फाइनल किए जाएंगे। इसके बाद इन तीनों उम्मीदवारों का इंटरव्यू श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से लिया जाएगा। अंतिम रूप से इन्हीं तीन नामों में से एक उम्मीदवार को राम मंदिर CEO की जिम्मेदारी दी जाएगी।
कौन ले रहा है इंटरव्यू?
इस पूरी चयन प्रक्रिया में रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, पूर्व वैज्ञानिक डॉ. सुरेश हावड़े और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी इंटरव्यू ले रहे हैं। उम्मीदवारों के अनुभव और उनकी योग्यता को परखने के बाद तीन नामों का चयन किया जाएगा।




