राजसमंद में दिल दहला देने वाली वारदात
राजस्थान के राजसमंद जिले के भीम थाना क्षेत्र की कुशलपुरा पंचायत में एक 9 महीने की गर्भवती महिला और उसके 2 साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस जघन्य वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार महिला और उसका बच्चा 11 फरवरी की रात से लापता थे। परिजनों ने भीम थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी ने महिला की हत्या कर उसके शव को पत्थरों से बांधकर तालाब में फेंक दिया ताकि शव बाहर न आ सके। बाद में एसडीआरएफ टीम ने विशेष अभियान चलाकर तालाब से शव को बाहर निकाला।
बच्चे के शव की जंगल में तलाश
पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने 2 साल के मासूम का शव समुरिया के जंगल में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस टीमें जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला के गहने और कीमती सामान भी अपने साथ ले गया।
पुलिस-प्रशासन सक्रिय, फोरेंसिक जांच जारी
राजसमंद एसपी ममता गुप्ता खुद मौके पर पहुंचीं और जांच की निगरानी कर रही हैं। एफएसएल टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। एएसपी महेंद्र पारीक, डीवाईएसपी राकेश शर्मा और पांच थानों की पुलिस टीमों को घटनास्थल पर तैनात किया गया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह, संभावित साजिश और आरोपी के संबंधों की गहराई से जांच कर रही है।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही कुशलपुरा और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। परिवार सदमे में है और आरोपी को सख्त सजा देने की मांग कर रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील की है।
यह मामला केवल एक हत्याकांड नहीं, बल्कि मानवता को शर्मसार करने वाली क्रूर घटना है, जिसमें एक गर्भवती मां और उसके मासूम बेटे को मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




