निवाई में श्री रामलला सेवा समिति अयोध्या धाम उत्तरप्रदेश के अध्यक्ष राजनंद हरीश शास्त्री के आगमन पर विभिन्न समाजसेवियों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। रविवार दोपहर जयपुर रोड स्थित एक कॉलोनी में उनके पहुंचने पर गौतम समाज के तहसील अध्यक्ष जगमोहन गौतम के नेतृत्व में राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफा, माला और दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर राजस्थान ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने शास्त्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम के दौरान शास्त्री ने कहा कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर हिंदुस्तानियों के लिए गौरव और सनातन संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह मंदिर 500 वर्षों के संघर्ष और आस्था का परिणाम है।
शास्त्री ने कहा कि रामलला मंदिर का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और पूर्ण होने के बाद यह विश्व की अद्वितीय सांस्कृतिक धरोहर बनेगा। उन्होंने विश्व में बढ़ते तनाव पर चिंता जताते हुए कहा कि भारत ही ऐसा देश है जो सदैव ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना के साथ सभी के कल्याण की बात करता है।
उन्होंने कहा कि भारत में नारी, गौ, गंगा और गीता की पूजा की जाती है, जो सनातन संस्कृति की विशेष पहचान है। साथ ही उन्होंने सभी सनातनियों से जीवन में कम से कम एक बार भगवान रामलला के दर्शन करने और भगवान राम के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
इस दौरान रामफूल शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, रवि टोडवाल, सर्वेश द्विवेदी, राजेश भट्ट, रमाकांत शर्मा, कमलेश बहनोली, एडवोकेट केदार गुर्जर, मुकेश टोडवाल सहित कई लोग उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




