18 साल या उससे अधिक उम्र के पात्र लोग आज बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकेंगे, 31 अगस्त को जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट।
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया का आज आखिरी दिन है। 18 साल की आयु पूरी कर चुके युवा और ऐसे अन्य पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है, आज बीएलओ से संपर्क करके अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
31 अगस्त को जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट
निर्वाचन आयोग की ओर से फाइनल वोटर लिस्ट 31 अगस्त को जारी की जाएगी। इससे पहले मतदाता सूची में नाम जोड़ने के बाद आपत्तियां मांगी जाएंगी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी होने की संभावना है।
309 नगरीय निकायों में होंगे चुनाव
राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के चुनावों की घोषणा हो चुकी है। राज्य निर्वाचन आयोग दो चरणों में नगरीय निकाय चुनाव कराएगा। पहले चरण में 9 सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को मतदान होगा। चुनाव परिणाम 14 सितंबर को जारी किए जाएंगे।
1.44 करोड़ से ज्यादा मतदाता सूची में शामिल
निर्वाचन आयोग ने 19 अगस्त को राजस्थान की 309 नगरीय निकायों के लिए 1 करोड़ 44 लाख 3853 मतदाताओं की सूची जारी की थी। हालांकि, मतदाता सूची में लगातार अपडेट होने के कारण मतदाताओं की संख्या में बदलाव हो रहा है।
18 साल या उससे अधिक उम्र वालों के लिए मौका
जो युवा 1 जनवरी 2026 तक 18 साल की आयु पूरी कर चुके हैं या इससे अधिक उम्र के हैं और उनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे आज बीएलओ से संपर्क कर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके बाद निर्वाचन आयोग की ओर से दावों और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।



