राजस्थान की नई वीबी-जी राम जी योजना लागू, 15 दिन में रोजगार नहीं तो मिलेगा भत्ता
राजस्थान सरकार ने 1 जुलाई 2026 से वीबी-जी राम जी योजना लागू कर दी है। इस नई रोजगार गारंटी योजना में ग्रामीण परिवारों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के रोजगार का प्रावधान किया गया है। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ाने के साथ आधारभूत विकास कार्यों को गति देना है।
15 दिन में रोजगार, नहीं मिला तो मिलेगा भत्ता
योजना के तहत आवेदन करने के 15 दिनों के भीतर रोजगार उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। यदि निर्धारित समय में काम नहीं मिलता है, तो पात्र आवेदक को नियमानुसार बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। शुरुआती 30 दिनों तक निर्धारित मजदूरी का 25 प्रतिशत और उसके बाद 50 प्रतिशत तक भत्ते का प्रावधान किया गया है।
मजदूरी और भुगतान का नया नियम
नई योजना में दैनिक मजदूरी 300 रुपये निर्धारित की गई है। मजदूरी का भुगतान साप्ताहिक आधार पर किया जाएगा और कार्य पूरा होने के बाद 15 दिनों के भीतर भुगतान अनिवार्य रहेगा। यदि भुगतान में देरी होती है तो 16वें दिन से बकाया राशि पर प्रतिदिन 0.05 प्रतिशत मुआवजा देने का प्रावधान किया गया है।
ऑनलाइन आवेदन और फेस अटेंडेंस
योजना में आवेदन प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है। पात्र व्यक्ति ग्राम पंचायत, संबंधित अधिकारी या अधिकृत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। पारदर्शिता बढ़ाने के लिए फेस-बेस्ड अटेंडेंस और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया गया है।




