छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन
जयपुर की राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। सोमवार को छात्रों ने अपनी मांग को लेकर यूनिवर्सिटी कैंपस में अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया।
छात्रों ने भूमि समाधि लेकर छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई। प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को वहां से हटाने की कोशिश शुरू कर दी।
छात्रों को हटाने के दौरान हुआ लाठीचार्ज
पुलिस और प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब छात्रों को मौके से हटाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने बल प्रयोग किया और छात्रों पर लाठीचार्ज कर उन्हें वहां से खदेड़ दिया।
पुलिस कार्रवाई के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध भी किया।
छात्र नेता लक्ष्यराज सिंह हिरासत में
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्र नेता लक्ष्यराज सिंह को भी हिरासत में ले लिया। बताया गया कि वह छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होकर छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग उठा रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई के बाद छात्र नेताओं और प्रदर्शनकारियों में नाराजगी देखने को मिली। छात्रों का कहना है कि उनकी मांग को दबाने के बजाय सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को इस पर बातचीत करनी चाहिए।
क्यों चुनाव बहाल करने की मांग कर रहे हैं छात्र?
छात्रों की सबसे बड़ी मांग राजस्थान यूनिवर्सिटी समेत प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव दोबारा शुरू करवाना है।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के कारण विश्वविद्यालयों में छात्रों की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने वाला कोई चुना हुआ छात्र प्रतिनिधि नहीं है।
छात्रों के मुताबिक, छात्रसंघ चुनाव होने से विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं और मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का मंच मिलता है।
राजस्थान यूनिवर्सिटी में बढ़ी छात्र राजनीति की हलचल
राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव लंबे समय से छात्र राजनीति का बड़ा मुद्दा रहे हैं। चुनाव बहाली को लेकर अलग-अलग छात्र संगठन समय-समय पर प्रदर्शन करते रहे हैं।




